जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो गये है. उनके पार्टी में शामिल होने के बाद भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) के विलय की प्रक्रिया नही हुई है. इस कारण इसको लेकर भी अटकलें लगायी जा रही है कि पार्टी का क्या होगा. वहीं, यह भी कयास लगाये जा रहे है कि जनता दल यूनाइटेड अगर भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर सीट की डिमांड करेंगे तो क्या भाजपा जमशेदपुर पूर्वी सीट जनता दल यूनाइटेड के लिए छोड़ेंगे या नहीं छोड़ेंगे. यह अहम सवाल है. वहीं, सूत्र यह बता रहे है कि जमशेदपुर पूर्वी की सीट को जदयू छोड़ने को तैयार नहीं है क्योंकि वहां पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास विजेता रहे थे और जनता दल यूनाइटेड पार्टी का वहां कोई वजूद नहीं था. हां, सरयू राय के आने के बाद यह जरूर है कि जनता दल यूनाइटेड अपना सीटिंग सीट नहीं छोड़ना चाहेगी और इस सीट की मांग करेंगी. अगर जमशेदपुर पूर्वी की सीट नहीं मिली तो यह भी संभव है कि जमशेदपुर पश्चिम सीट मांग लें क्योंकि जमशेदपुर पश्चिम से सरयू राय पहले दो बार विधायक रह चुके है. भाजपा वहां मंत्री बन्ना गुप्ता से हार चुकी है. ऐसे में एक बड़ी लकीर सरयू राय ने खींच दी है कि इन दो में से एक सीट तो भाजपा को जनता दल यूनाइटेड को देना ही होगा. (नीचे भी पढ़ें)

आपको बता दें कि भाजपा की केंद्र सरकार में जनता दल यूनाइटेड के सहयोग से ही चल रही है. यहीं वजह है कि बिहार को बड़ा पैकेज पीएम मोदी ने दिया है. ऐसे में जनता दल यूनाइटेड को नाराज करने की स्थिति भाजपा पैदा नहीं करेगी और उनके साथ भी सीटों को लेकर सकारात्मक बारगेनिंग करेगी क्योंकि केंद्र में सरकार सही तरीके से काम करें, यह फोकस भाजपा का होगा. सरयू राय की ज्वाइनिंग के बाद झारखंड में नया राजनीतिक भूचाल गया है, जिसका केंद्रबिंदू सरयू राय ही है. हालांकि, खुद सरयू राय बोल चुके है पार्टी जो कहेगी, वहां से चुनाव लड़ेंगे. इसमें कोई शक की बात नहीं है. उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा है कि वे अकेले पूरा चुनाव नहीं लड़ सकते थे, जिस कारण वे जनता दल यूनाइटेड में चले गये है. भाजमो के समायोजन पर भाजमो ही फैसला लेगी. इस बीच इस फैसले के बाद जमशेदपुर में यह माहौल जरूर गर्मा गया है कि आखिर सरयू राय चुनाव जमशेदपुर पूर्वी से ही लड़ेंगे या जमशेदपुर पश्चिम से लड़ेंगे. जमशेदपुर पूर्वी में रघुबर दास और उनके परिवार के चुनाव लड़ने पर आगे क्या फैसला लिया जायेगा, इसको लेकर भी कयास भाजपा में भी लगाये जा रहे है. इसके बाद माहौल गर्मा गया है. (नीचे भी पढ़ें)

जदयू जिलाध्यक्ष ने सरयू राय को बधाई दी
विधायक सरयू राय के जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण करने पर सोमवार को उनके बिष्टुपुर आवास पर सुबह से ही बधाईयों का सिलसिला लगा रहा. उन्हें बधाई देने वालों में जनता दल यूनाइटेड, जमशेदपुर के जिलाध्यक्ष विश्राम प्रसाद के साथ रवींद्रनाथ चौबे एवं दर्जनों समर्पित कार्यकर्ता शामिल रहे. जिलाध्यक्ष विश्राम प्रसाद ने श्री राय को बधाई दी और उम्मीद जतायी कि अब झारखंड में जदयू बेहतरीन प्रदर्शन करेगा. इसके अलावा समाज के अन्य वर्गों के दर्जनों गणमान्य लोगों ने भी श्री राय को जदयू में शामिल होने पर अपनी शुभकामनाएं दीं.




