जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना वायरस से संक्रमण को रोकने के लिए लोगों को क्वारंटाइन तो दिया जा रहा है, लेकिन इसको लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं है. ऐसा ही नजारा जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में देखने को मिला है. कॉलेज के क्वारंटाइन सेंटर के एक हॉल में लड़के और लड़कियों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन में रख दिया गया है. लड़कियां रात भर जगकर ही बिता रहे है. यहीं नहीं, एक ही शौचालय में लड़के और लड़कियों को भेजा जा रहा है, जिससे लड़कियां डरी सहमी रह रही है और शौचालय तक जाने में उनको डर लग रहा है. इसको लेकर इन लड़कियों ने खुद वीडियो बनाया है और इसको सार्वजनिक किया है. इस वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने सवाल उठाये है.

उन्होंने सोमवार को ट्विटर पर को-ऑपरेटिव कॉलेज में जिला प्रशासन द्वारा तैयार क्वारेन्टीन सेंटर में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर असहमति जताते हुए डीसी रविशंकर शुल्का से ज़रूरी सुधार का आग्रह किया है. क्वारेन्टीन सेंटर में प्रशासन द्वारा डुमरिया और मुसाबनी की काफ़ी संख्या में युवतियों को ठहराया गया है. एक ही हॉल में युवतियों के संग काफ़ी तादाद में युवक और पुरुषों को भी ठहराया गया है. इस पर चिंता ज़ाहिर करते हुए क्वारेन्टीन सेंटर से कुछ युवतियों ने वीडियो बनाकर इस आशय में पूर्व विधायक और तेज़तर्रार भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी से सहयोग का आग्रह किया है. जारी वीडियो में युवतियां अपनी सुरक्षा और अव्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त कर रही हैं. उनके अनुसार को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित क्वारेन्टीन सेंटर के एक ही हॉल में युवक और युवतियों को रहने के लिये विवश किया गया है. वहीं एक ही वॉशरूम है जिसे बारी बारी से लड़के-लड़कियां इस्तेमाल करतें है.असुरक्षा और असहज स्थिति के कारण युवतियां चिंतामुक्त होकर नींद भी पूरा नहीं कर पा रही हैं. इस अव्यवस्था से उन्हें शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है. इस मामले में त्वरित प्रतिक्रिया ज़ाहिर करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने व्यवस्था पर सवाल खड़े किये है. उन्होंने ट्विटर के माध्यम से इस मामले में डीसी रविशंकर शुक्ला के संज्ञान में लाकर अविलंब जरूरी सुधार करने का आग्रह किया. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह उच्च कोटि की लापरवाही है जिसे जल्द से जल्द दुरुस्त करना प्रासंगिक होगा. कहा कि यह अव्यवस्था युवतियों की अस्मिता और निज़ता पर अतिक्रमण है. पूर्व विधायक की ट्वीट सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही है और लोग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं.















