जमशेदपुर : विजुअल मिथ्स एवं ‘लेडीज़ सर्कल इंडिया जीएमसीएलसी-160 संस्था के संयुक्त तत्वावधान में होटल रमाडा में दूसरी बार आयोजित ‘रेडिएंट झारखंड 2.0’ प्रदर्शनी के दूसरे दिन शुक्रवार को कोल्हान के अलग-अलग क्षेत्रों से काफी संख्या में लोग प्रदर्शनी देखने पहुंचे. इसमें ज्यादातर युवा व छात्र शामिल रहे. अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने वहां लगाए गए एक-एक स्टॉल का दौरा कर ज्ञानवर्धक, करियर एवं प्लेसमेंट से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं. साथ ही, वहां आयोजित क्विज में भी हिस्सा लिया. (नीचे भी पढ़ें)

प्रदर्शनी में सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों के 50 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग जाकर केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं. प्रत्येक स्टॉल पर एक्सपर्ट्स उनके साथ विभाग की गतिविधियों की जानकारी साझा कर रहे हैं. इस दौरान विभाग से जुड़ी जानकारी के लिए लोगों को निःशुल्क पंफ्लेट्स, लिफलेट्स एवं कॉफी टेबल बुक्स भी दी जा रही हैं. प्रदर्शनी में आज छात्रों की ज्यादा भीड़ दिखी. खासकर आरडी टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर के छात्रों की ओर से तैयार किए गए स्मार्ट की (चाबी) कैबिनेट, ट्रैस बीओटी कोड तथा रोबोट की छात्रों ने सराहना की, इसी तरह सीएसआइआर राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) के स्टॉल, भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय (सिपेट) द्वारा संचालित शॉर्ट एवं लांग टर्म कोर्स तथा प्लेसमेंट से जुड़े स्टॉल, आइसीएमआर, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट के स्टॉल पर काफी भीड़ दिखी. प्रदर्शनी में झारखंड जैव विविधता पर्षद् की ओर से लगाए गए स्टॉल पर छात्रों ने पशु, पक्षी, कृषि, उद्यान से जुड़ी ज्ञानवर्धक जानकारियां प्राप्त कीं. साथ ही, क्विज में हिस्सा लेकर पुरस्कार प्राप्त किये. (नीचे भी पढ़ें)
लखटकिया साड़ियां रहीं आकर्षण का केंद्र

प्रदर्शनी का प्रमखु आकर्षण गजुरात हथकरघा एवं हस्तशिल्प का स्टॉल रहा. यहां 11 हजार से लेकर 2.40 लाख रुपये तक की साड़ियां आकर्षण का केंद्र रहीं. आयोजकों ने बताया कि क्राफ्ट्स ऑफ गुजरात की डबल एकत पटान पटोला साड़ी की कीमत 96 हजार से प्रारंभ होकर 2.40 लाख तक की है. इस साड़ी की खासियत यह है कि यह सभी विव से निर्मित हैं. इसी तरह आशावली साड़ी की कीमत 56 हजार 700 तथा 83 हजार 600 रुपये है, जबकि टांगलिया साड़ी की कीमत 16 एवं 20 हजार रुपये तक है. आयोजकों ने बताया कि यह उत्पाद भारत की समृद्ध विरासत को प्रतिबिंबित करता है. (नीचे भी पढ़ें)

तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शनिवार, 31 जनवरी को समापन होगा. समापन समारोह में अतिथि के रूप में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया, समाजसेवी प्रभाकर सिंह समेत अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे. विजुअल मिथ्स के चेयरमैन वनीश गुप्ता एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर किंजल गांधी एवं नीतू पाल गुप्ता ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले विभाग के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेनेवाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा.



