रांची: राजधानी रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में नगर निकाय चुनाव होने जा रहा है, इसका श्रेय न्यायालय की सख्ती व भाजपा के द्वारा चलाए गए आंदोलन को जाता है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से राज्य के निकाय क्षेत्रों में लोकतांत्रिक व्यवस्था बाधित रही और प्रशासनिक तंत्र हावी रहा है. जिससे आम जनता की समस्याओं को सुनने वाला कोई प्रभावी मंच नहीं बचा. उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर कहा कि मौजूदा परिस्थिति में अहम है. इस परिस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवाभाव, राष्ट्रवादी सोच व जनकल्याण को समर्पित प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी मजबूती के साथ जुटना होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार हार के भय से निकाय चुनाव को दलीय आधार पर नहीं कराने का फैसला लिया है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बैलेट पेपर से चुनाव कराने की घोषणा के साथ ही प्रशासनिक तरीके से चुनाव को प्रभावित करने की साजिश रची जा रही है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस साजिश को नाकाम करने और लोकतंत्र की मजबूती के लिए सजग रहने का आह्लान किया है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में विकास नहीं हो रहा है. ऐसे समय में नगर निकाय चुनाव में उन्हीं उम्मीदवारों को जिताने की जरुरत है, जो विकास की राजनीति में विश्वास रखते हो. उन्होंने कहा कि नगर निकाय लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी होते है और यहां से ही आम जनता को सीधा लाभ मिलता है. भाजपा का लक्ष्य है कि विकास, पारदर्शिता व जनसेवा को प्राथमिकता देने वाले प्रत्याशियों को जनता का प्रतिनिधि बनाया जाए. बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक उपस्थित रहे.



