जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा रेलवे ट्राफिक कॉलोनी स्थित गिरधारी होटल से लेकर रेलवे मीडिल स्कूल तक रेलवे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. इस दौरान आरपीएफ के अलावा बागबेड़ा पुलिस भी मौजूद रही. अतिक्रमण करने वालों ने किसी तरह का कोई विरोध नहीं किया जिस कारण अतिक्रमण हटाने गई टीम को किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा.(नीचे भी पढ़े)

इस बीच लगभग दो दर्जन से ज्यादा झोपड़ीनुमा दुकानों को तोड़ा गया. बुधवार सुबह 11 बजे रेलवे की टीम मौके पर बुलडोजर लेकर पहुंची. टीम को देख अतिक्रमणकारी खुद सामानों को निकालने लगे. थोड़ी देर बाद सभी दुकानों को तोड़ा गया. जानकारी देते हुए आरपीएफ प्रभारी एसके तिवारी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस दे दिया गया था. अंडा दुकान वाले को भी हटाया गया, जो सामने के रेलवे क्वार्टर पर कब्जा कर रखा है. .(नीचे भी पढ़े)
रेलवे के क्वार्टर पर अवैध कब्जा करने वालों की लंबी फेरहिस्त है. विभाग की नजर उनपर भी है. उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. नोटिस की अवधि खत्म होने पर बुधवार को अतिक्रमण हटाया गया. उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा.



