जमशेदपुर : मारवाड़ी महिला मंच की जमशेदपुर शाखा का तीन दिवसीय राखी मेला 20, 21 एवं 22 जुलाई को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित होने जा रहा हैं. मेला प्रतिदिन प्रातः 10 से रात्रि 9 बजे तक खुला रहेगा, जहां एक ही छत के नीचे राखियां और लुम्बा सहित गृह सज्जा की सारी सामग्रियां, उपहार तथा हाथ के बने हुए मंगोड़ी, पापड़, अचार, चूर्ण एवं अन्य उपयोगी सामान उपलब्ध होंगे. मेले का उद्घाटन समारोह सोमवार, 20 जुलाई को सायं 4 बजे होगा. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पूर्णिमा साहू एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला मंच की प्रांतीय अध्यक्ष प्रभा पांडिया उपस्थित रहेंगी. यह जानकारी अध्यक्ष सीमा अग्रवाल और सचिव कंचन खीरवाल ने दी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि यह मेला विगत 35 वर्षों से प्रतिवर्ष महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से आयोजित हो रहा है. यह मेला महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने तथा अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलता है. इस तीन दिवसीय राखी मेले में महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे जो रांची, कोलकाता, घाटशिला, पुरुलिया, धनबाद, राउरकेला, बनारस आदि स्थानों से आये हुए हैं.







