जमशेदपुर : उपायुक्त सह पूर्वी सिंहभूम जिला अंधापन निवारण समिति के अध्यक्ष राजीव रंजन के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से इस वर्ष पुनः नेत्र शिविर के सत्र का आयोजन गर्मी के मौसम के खत्म होते ही 11 जुलाई से शुरू किया जा रहा है. 39 नेत्र शिविरों की कड़ी में पहला नेत्र शिविर रेड क्रॉस के पेट्रॉन व समाजसेवी स्व. चिमनलाल भालोटिया एवं उनकी धर्मपत्नी स्व द्रौपदी देवी की पुण्य स्मृति में बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में होगा. इसमें 11 जुलाई को नेत्र रोगियों की आंखों की जांच की जायेगी, 12 जुलाई को नेत्र रोगियों की आंखों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण आधुनिक नेत्र ऑपरेशन थियेटर में सम्पन्न होगा, 13 जुलाई को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच के पश्चात उन्हें आवश्यक चश्मा व दवा प्रदान कर विदा किया जाएगा. उक्त जानकारी प्रदान करते हुए पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण भालोटिया ने जरूरतमंदों से शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया है. (नीचे भी पढ़ें)
रेड क्रॉस का रक्तदान शिविर 8 को

जमशेदपुर : प्रत्येक माह की भांति पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से आगामी 8 जुलाई को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. बुधवार 8 जुलाई को यह रक्तदान शिविर समाजसेवी व रेड क्रॉस के वाइस पेट्रॉन डीके घोष के पिता व स्वतंत्रता सेनानी स्व एनके घोष की स्मृति में आयोजित किया जाएगा. रक्तदान शिविर में वैसे सभी रक्तदाता, जिनके रक्तदान के 90 दिन पूरे हो गए हों, यानि 8 अप्रैल से पूर्व रक्तदान किये हुए रक्तदाता रक्तदान कर सकेंगे. रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने वर्तमान समय में मच्छर जनित बीमारियों के कारण बढ़ रहे रोगियों और उनकी जरूरत के ब्लड कम्पोनेंट की आपूर्ति के लिए अधिक से अधिक रक्तदाताओं से रक्तदान की अपील की है. (नीचे भी पढ़ें)
रेड क्रॉस की ओर से बड़ा तालसा में ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर 8 जुलाई को
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सीएसआर अभियान के तहत बुधवार, 8 जुलाई को बड़ा तालसा आंगनबाड़ी केंद्र में ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर में चिकित्सक ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच के साथ नेत्र जांच भी करेंगे एवं जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवा व चश्मे भी प्रदान किये जाएंगे. आवश्यक होने पर मोतियाबिन्द प्रभावित ग्रामीणों का ऑपरेशन बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र शिविर के दौरान कराया जाएगा. वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण मलेरिया एवं अन्य बीमारियां पांव पसार रही हैं, ऐसे में स्वास्थ्य शिविरों का बहुत महत्व है. इसलिए रेडक्रॉस ने ग्रामीणों से अनुरोध किया है कि वे स्वास्थ्य सम्बन्धी किसी भी असुविधा के लिए शिविर तक या नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जरूर जाएं.







