जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय की ओर से द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में 12 जुलाई से 775वां नेत्र शिविर समाजसेवी स्व चिमनलाल भालोटिया एवं उनकी पत्नी स्व द्रौपदी देवी की स्मृति में द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया स्मृति नेत्र ज्योति यज्ञ के रूप में नये सत्र के पहले नेत्र शिविर का आयोजन होगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके साथ ही कुल 42 नेत्र शिविर प्रत्येक सप्ताह अप्रैल 2026 तक आयोजित किये जाएंगे. 12 जुलाई से 14 जुलाई 2025 तक आयोजित नेत्र शिविरों में 12 जुलाई को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र रोगियों के रजिस्ट्रेशन के साथ नेत्र रोगियों की आंखों की जांच की जाएगी, जिसमें मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का ऑपरेशन के लिए चयन किया जाएगा. इसके साथ ही आंखों की अन्य बीमारियों से प्रभावित नेत्र रोगियों को जरूरत के अनुसार दवा व परामर्श मुहैया कराया जाएगा. जिन मरीजों का चयन ऑपरेशन के लिए होगा, उनके ब्लड प्रेशर, शुगर एवं अन्य आवश्यक जांच के पश्चात उपयुक्त मरीजों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार को नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं टीएमएच की नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. भारती शर्मा, नेत्र चिकित्सक डॉ पूनम सिंह, डॉ विवेक केडिया, डॉ राशि वर्मा एवं उनकी सहयोगी टीम द्वारा बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के ऑपरेशन थिएटर में किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
सोमवार 14 जुलाई को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टी खोल कर अंतिम जांच के पश्चात उन्हें आवश्यक दवा व चश्मा प्रदान कर विदा किया जाएगा. सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने नेत्र शिविर के सत्र के शुभारंभ पर जागरूक कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों से आग्रह किया है कि वे अपने आस-पास के जरूरतमंद लोगों को शिविर की जानकारी के साथ उन्हें मदद पहुंचाएं ताकि ऐसे लोगों को नेत्र शिविर का लाभ मिल सके.











