
जमशेदपुर : इंडियन रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम द्वारा 8 मई विश्व रेड क्रॉस दिवस पर रेड क्रॉस भवन में आयोजित होने वाले रक्तदान महायज्ञ में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल के प्रधान सचिव सह सचिव भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी झारखंड राज्य शाखा डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी, भा.प्र.से. मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. उनके साथ जिला की उपायुक्त सह अध्यक्ष विजया जाधव, अनुमंडल पदाधिकारी सह उपाध्यक्ष पियुष सिन्हा एवं शहर के अन्य गणमान्य कार्यक्रम में शामिल होंगे. रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में बहुत बड़ा श्रेय डॉ. कुलकर्णी का रहा है, जिला के उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस के रूप में उन्होने अपने कुशल मार्गदर्शन में मानवता की सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. जिला में मानवता की सेवा के मंदिर रेड क्रॉस भवन के निर्माण में उन्होने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. राज्यपाल सचिवालय से रेड क्रॉस सोसाईटी के राज्यभर की गतिविधियों में उनका मार्गदर्शन मिलता रहा है. 8 मई रेड क्रॉस दिवस का कार्यक्रम पूर्वी सिंहभूम में एक महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में जाना जाता है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में रक्तदाता रक्तदान करते हैं, रक्तदाताओं में डॉ. कुलकर्णी भी कई बार रक्तदान कर चुके हैं. आज रेड क्रॉस की पूर्वी सिंहभूम शाखा देश के सबसे सक्रिय शाखाओं में एक माना जाता है, और गतिविधियों के मामले में भी यह अव्वल है.




