
जमशेदपुर : जमशेदपुर के खरकई नदी से लेकर सुवर्णरेखा नदी का लगातार सरकारी और कारपोरेट कंपनियों द्वारा अतिक्रमण करने की कोशिश की जा रही है. इसके तहत जमशेदपुर अक्षेस द्वारा सोनारी दोमुहानी नदी के किनारे बने सरकारी शौचालय के ऊपर और बाहर में सरकारी रेस्टोरेंट बनाने का काम चल रहा है. इसकी सूचना मिलने के बाद राज्य के पूर्व मंत्री सह जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय शुक्रवार की सुबह सोनारी के दोमुहानी नदी के तट पर पहुंचे और वहां चल रहे निर्माण कार्यों को देखा. इसको देखते ही सरयू राय ने वहीं से जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता कुमार अरविंद को फोन के माध्यम से इसकी जानकारी दी. इसके बाद सूचना पाकर कुमार अरविंद तुरंत अतिक्रमण स्थल पर पहुंचे और वहां चल रहे काम को तत्काल बंद करा दिया. बताया जाता है कि नदी किनारे में अतिक्रमित कर वहां शौचालय के बाहर रेस्टोरेंट का बड़ा हिस्सा बनवाया जा रहा है, जिसका टेंडर पहले ही किया जा चुका है और अब इसको विकसित कर नये सिरे से बनाया जा रहा है. सरयू राय का कहना है कि यह अतिक्रमित कर नदी किनारे इसको सरकारी स्तर पर बनाया जा रहा है. नदी को ऐसे अतिक्रमण किया जाना गलत है. गौरतलब है कि इससे पहले टाटा स्टील द्वारा कदमा के पास भी नदी किनारे के हिस्से में मलबा भरकर पेड़ लगाया जा रहा था, जिसके बाद सरयू राय ने इस पर आपत्ति जतायी और काम को रोका गया. अब यह नया कदम उठाया गया है. सरयू राय के इस दौरा के दौरान भाजमो नेता मुकुल मिश्रा, चुन्नु भूमिज समेत अन्य लोग भी मौजूद थे.




