जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित खाऊ गली के सामने गुरुवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीन कारों में ठोकर मार दी, जिससे सड़क पर अफरातफरी मच गई. हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, एक डिजायर कार खाऊ गली से मुड़कर वीमेंस कॉलेज की ओर जा रही थी. तभी तेज रफ्तार से आई एक अमेज़ कार ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डिजायर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं सड़क किनारे खड़ी ऑल्टो और आइ-10 कारें भी उसकी चपेट में आ गईं और उन्हें भी नुकसान पहुंचा. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ. हालांकि तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है, जिसमें डिजायर कार सबसे अधिक क्षतिग्रस्त हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.







