
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत लिंक रोड में शनिवार सुबह कार और बाइक के बीच सीधी टक्कर में तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों के सहयोग से टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया है. जिसमें बाइक सवार की स्थिति नाजुक बताई जा रही है. इस दुर्घटना में कार और बाइक दोनों क्षतिग्रस्त हुए हैं. वहीं घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हुए कार और बाइक को अपने साथ थाना ले गई.

साथ ही घटना की छानबीन में जुट गई है. बताया जाता है कि कार चालक काफी तेज रफ्तार से जा रहा था, इसी बीच बाइक सवार भी तेज गति से ओवरटेक करने का प्रयास करने लगा. अचानक कार चालक ने अपना संतुलन खो दिया और पहले डिवाइडर से टकरा गया. उसके बाद ओवरटेक कर रहे बाइक में टक्कर मार दी. जिसमें बाइक सवार दो युवक घायल हो गए हैं, जबकि कार में बैठा एक व्यक्ति भी घायल हो गया है. घायलों की पहचान अभी नहीं हो सकी है.



