
चाकुलिया : बंगाल की खाड़ी से उठने वाला चक्रवात तूफान यास का असर ओड़िशा और बंगाल से सटे होने के कारण चाकुलिया और बहरागोड़ा में आंशिक रूप से पड़ा. बुधवार सुबह से ही हल्की बारिश और रूक रूक कर चली तेज हवा से लोग सहमें हुए थे. स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट थी. जर्जर भवन में रह रहे लोगों को सरकारी भवन में सुरक्षा के मद्देनजर रखा गया था. हालांकि तूफान तो नही आया परंतु रात भर हुई बारिश और तेज हवा चली. बारिश ने दोनों ही प्रखंड के किसानों की नींद उड़ा दी है. बहरागोड़ा और चाकुलिया प्रखंड में किसानों के खेत में अब भी गरमा धान की फसल खेत में तैयार है. खेत से किसान अपनी फसल को काटकर खलिहान तक नही ला पाये है. धान कटनी के वक्त बेमौसम हुई बारिश के कारण किसान अपनी फसल को लेकर चिंतित है. चाकुलिया में भी पूरी रात जमकर बारिश हुई है. प्रखंड में 48 एमएम बारिश होने का रिकार्ड दर्ज किया गया है. यह जानकारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी देव कुमार ने दी है. उन्होंने कहा कि प्रखंड में बुधवार की रात 48 एमएम बारिश हुई है. वही अनुमंडल के हर प्रखंड में इसी अनुपात में बारिश हुई है.



