पटमदा : पटमदा मुख्य सड़क पर रविवार रात करीब आठ बजे धूसरा में जाहिर स्थान के समीप एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गयी. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक का अगला चक्का अलग होकर दूर जा गिरा और कार व बाइक दोनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद कार पर सवार लोग सुरक्षित निकल गए, लेकिन बाइक चालक मौके से लापता हो गया. सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर छानबीन शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी करमपाल भगत ने स्थानीय झामुमो नेता हरिहर सिंह, बामनी निवासी धर्म किस्कू व अन्य ग्रामीणों के साथ देर रात तक आसपास के जंगल व सड़क किनारे बाइक चालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. इससे पुलिस के साथ-साथ स्थानीय लोग भी चिंतित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
सोमवार सुबह करीब आठ बजे घायल अवस्था में एक युवक मुख्य सड़क पर दिखाई दिया. उसकी पहचान रोहन सिंह (19) के रूप में हुई, जो बारूडीह निवासी चंदन सिंह की बाइक पर सवार होकर ठनठनी घाटी स्थित मां काली होटल पहुंचा. वहां उसने लोगों को पूरी घटना बताई और कहा कि किस्मत से उसकी जान बच गयी. रोहन के अनुसार, वह अपने तिलाईटांड़ (सारी) स्थित घर से एक व्यक्ति की बाइक लेकर भुईयांसिनान टुसू मेला गया था. लौटते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने ओवरटेक के दौरान उसे टक्कर मार दी, जिससे वह अनियंत्रित हो गया और जमशेदपुर की ओर जा रही कार से जा टकराया. हादसे के बाद वह घबराकर जंगल की ओर भाग गया और चिटाबुरु जंगल में छिपा रहा. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस द्वारा टॉर्च से तलाशी अभियान चलाए जाने के कारण वह बाहर नहीं निकला. इसी दौरान सबर टोला की ओर जाने का प्रयास करते समय चोटों के कारण वह बेहोश हो गया और भीषण ठंड में करीब आठ घंटे तक वहीं पड़ा रहा. सुबह होश आने पर वह किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचा. धर्म किस्कू ने बताया कि रोहन पहले मां काली होटल में काम कर चुका है और डेढ़ माह पूर्व मजदूरी के लिए कर्नाटक गया था. टुसू पर्व में घर लौटा था और रविवार को हादसे का शिकार हो गया. सुबह नौ बजे के बाद उसे अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया.











