जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर भाजपा मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी के नेतृत्व में सोमवार को प्रतिनिधिमंडल थाना प्रभारी से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के निदान करने के लिए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है. सौंपे गये ज्ञापन में बताया गया है कि बिरसानगर में नशा खोरी, अवैध कारोबार, चोरी डकाती जैसी समस्या आये दिन प्रकाश में आ रही है. वहां अवैध तरीके से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हो रहा है. इससे न केवल आम लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि क्षेत्र की मूलभूत संरचना भी प्रभावित हो रही है. भाजपा मंडल ने आरोप लगाया कि बिरसानगर के लगभग हर जोन में अवैध रूप से लोहा टाल संचालित किए जा रहे हैं, जिस पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है. (नीचे भी पढ़ें)

ज्ञापन में यह भी बताया गया है कि पूजा-पर्व मेला के नाम पर घनी आबादी वाले इलाकों में मुर्गा-पाड़ा, जुआ, हब्बा-डब्बा जैसे अवैध खेलों का आयोजन किया जा रहा है. इससे क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं में चोरी और अन्य आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिल रहा है. भाजपा नेताओं का कहना है कि इन सभी समस्याओं के कारण क्षेत्र की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है. लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आम लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ रहे हैं. मंडल अध्यक्ष ने कहा कि उपरोक्त समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक दृष्टिकोण से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बिरसानगर की जनता को इन समस्याओं से निजात मिल सके और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बहाल हो सके.











