जमशेदपुर : बोड़ाम स्थित दीपक स्वर्णकार एवं बारियादा स्थित देवेन महतो की दुकानों में विगत 3 सितंबर को हुई लाखों की चोरी के मामले में बोड़ाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों कांडों में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के सामान भी बरामद कर लिये हैं. गिरफ्तार तीनों आरोपी पुरुलिया जिले के निवासी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि विगत 3 सितंबर की रात बोड़ाम स्थित दीपक स्वर्णकार की आभूषण दुकान की एस्बेस्टस की छत को काट कर अज्ञात अपराधियों ने उसमें रखे लाखों के जेवरात, नगद एवं डीवीआर सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली थी. इसी प्रकार बारियादा गांव स्थित वहीं के देवेन महतो की दुकान की छत का भी एस्बेस्टस काट कर अपराधियों ने दुकान से नये-पुराने मोबाइल फोन, नगद एवं डीवीआर की चोरी कर ली थी. बोड़ाम पुलिस ने दोनों ही मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया. इसी बीच घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी की ओर से मामलों के अनुसंधान के लिए पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया. इस टीम ने त्वरित कार्वाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मानवीय अनुसंधान, फिंगर प्रिंट एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान करते हुए झारखंड के साथ ही पश्चिम बंगाल में भी छापामारी अभियान चलाया. (नीचे भी पढ़ें)
इसी क्रम में एसआइटी ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिलांतर्गत बलरामपुर, पुरुलिया मुफस्सिल एवं मानगो थाना क्षेत्रों में सघन छापामारी कर कांड में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बाद में उनकी निशानदेही पर चोरी गये सामानों की बरामदगी भी कर ली. पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुरुलिया के अरशा थानांतर्गत बेलजीह गांव में छापामारी कर मकबूल अंसारी को पकड़ा गया. वहीं असलम अंसारी, पुरुलिया मुफस्सिल थानांतर्गत इस्लामडीह निवासी रहीम अंसारी एवं बलरामपुर थानांतर्गत बाघजोबरा गांव निवासी कयामुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अधिकारियों ने आज उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इनमें से असलम अंसारी के पास से कांड में प्रयुक्त विवो कंपनी का मोबाइल फोन, रियल मी का एक मोबाइल फोन, कांड में चोरी गई चांदी की एक चेन एवं तीन जोड़ा चांदी का बाला बरामद किया. वहीं रहीम अंसारी के पास से पुलिस ने79 पीस चांदी की बिछिया, चांदी के दो कंगन, चांदी के 7 पीस बाला, एक पीस चांदी का पान पत्ता, चांदी के तीन बाला, चांदी की एक चेन, एक पायल एवं रेडमी का एक फोन बरामद हुआ. कयामुद्दीन के पास से चांदी के चार सिक्के, चांदी की दो चेन एवं काले रंग की एक होंडा एसपी मोटरसाइकिल बरामद हुई, जबकि मकबील अंसारी के पास से काड में चोरी गया वन प्लस का टच स्क्रीन सहित दो फोन बरामद किये गये हैं.




