गालूडीह : पुल निर्माण के कार्य में घटिया निर्माण सामग्रियों का प्रयोग किये जाने से आक्रोशित बड़ा खुर्शी गांव के निवासियों ने शनिवार को पुल निर्माण का काम रुकवा दिया. ग्रामीणों की शिकायत पर सांसद प्रतिनिधि राजाराम महतो, मुखिया हरिपदो सिंह व समाजसेवी सृष्टिधर महतो भी कार्यस्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर प्रदर्शन करते हुए कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं होने तक निर्माण कार्य बंद रखने की चेतावनी दी है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि बड़ा खुर्शी गांव में पीएमजीएसवाई के तहत काशिया तक तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है. इसी सड़क के तहत जुड़िया नाले पर एनपीसीसी पुल निर्माण का कार्य अभी चल रहा है. पुल की आधार दीवार खड़ी की जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि पुल की आधार दीवारों की ढलाई में घटिया गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है. उक्त गिट्टी का पहले सड़क निर्माण कार्य में उपयोग किया जा रहा था, जबकि जेई द्वारा पहले ही गिट्टी को रिजेक्ट कर दिया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि कोई भी निर्माण कार्य एक निर्धारित मापदंड के तहत होता है.(नीचे भी पढ़ें)

ग्रामीणों ने पुल निर्माण में सीमेंट, बालू, गिट्टी के अनुपात में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ढलाई के बाद उसकी पानी से तराई भी नहीं की जा रही है. साथ ही, निर्माण कार्य में वाइब्रेटर का उपयोग भी नहीं किया जा रहा है. प्रदर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों में भवानी गोप, पद्मलोचन सिंह, अरुण सिंह, संजय सिंह, मनमोहन सिंह, निरंजन सिंह, भोला महतो, इंद्रजीत सिंह, कैलाश सिंह, सुजय सिंह, मनहोर सिंह, कुरु सिंह, दुलाल सिंह, पवन सिंह, विभूति सिंह, सोमनाथ सिंह, मुकेश सिंह, सच्चिदानंद सिंह, त्रिलोचन सिंह, ईश्वर सिंह, दुर्योधन सिंह, मोतीलाल सिंह, किरीटी सिंह, हरि पद सिंह, हृदय सिंह, माधव सिंह, रतन सिंह, बुधेश्वर सिंह, विभीषण सिंह, चैतन्य सिंह, निताई सिंह आदि शामिल थे.




