गालूडीह: घाटशिला वन क्षेत्र के अधीन बड़ाकुर्शी, छोटाकुर्शी, गिधिबिल, आमचुड़िया के 50 हेक्टेयर में काजू जंगल फैला है. अभी काजू के फल पकने को तैयार हैं. हालांकि कई सालों से काजू वनों की सुरक्षा में वन विभाग फेल है. यहां आग लगने से काजू जंगल बर्बाद हो रहे हैं. पुराने काजू के पेड़ झुलस जाने से उत्पादन में गिरावट आयी है. जानकारी के अनुसार, मार्च-अप्रैल से काजू का मौसम शुरू हो जाता है. काजू के एक मुख्य वनोत्पाद है, जिससे लोगों को रोजगार मिलता है. कई वर्ष पहले से वन विभाग काजू पर वन सुरक्षा समिति गठित कर इसका मालिकाना हक ग्रामीणों को दे चुका है. पहले काजू जंगल की रखवाली ग्रामीण समिति गठित कर करते थे. इसका फल भी समिति ही बेचती थी. इससे जो आमदनी होती थी, उसे गांव के विकास में खर्च किया जाता था. समिति के बैंक खाते में पैसे जमा होते थे. लेकिन अब ग्रामीण खुद जंगल से काजू फलों को तोड़कर व्यापारियों को बेचते हैं. हर साल काजू के फलों को बेचकर ग्रामीण रोजगार प्राप्त कर रहे हैं. ज्ञात हो कि काजू जंगलों की सुरक्षा नहीं हो रही है. काजू के पुराने पेड़ धीरे-धीरे बर्बाद हो रहे हैं. गर्मियों के मौसम में आग लगने से भी काजू जंगलों को भारी नुकसान हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
क्षेत्र में नही है काजू प्रोसेसिंग प्लांट, यहां के काजू से बंगाल के व्यापारी होते हैं मालामाल : घाटशिला वन क्षेत्र में काजू के उत्पादन के बावजूद भी यहां काजू प्रोसेसिंग प्लांट नहीं है. काजू प्रोसेसिंग प्लांट नहीं होने के कारण घाटशिला के काजू पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के व्यापारी 10-20 रुपये प्रतिकिलो खरीद कर ले जाते हैं जिससे बंगाल के व्यापारी यहां के काजू से मालामाल होते हैं.











