रांची : झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार को उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. मंत्री हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए गए थे और वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई. उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एचबी रोड रांची स्थित सेंटेविटा अस्पताल पहुंचे. मुख्यमंत्री वहां इलाजरत राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर जी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंत्री राधा कृष्ण किशोर जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की. मंत्री राधाकृष्ण किशोर रविवार को पश्चिम बंगाल से मेदिनीनगर, पलामू पहुंचे थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना सामने आई. सोमवार शाम वे पलामू से रांची लौट आए, लेकिन रात में उनकी स्थिति और खराब हो गई. इसके बाद मंगलवार सुबह उन्हें रांची स्थित सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक ताजा अपडेट जारी नहीं किया गया है, लेकिन अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है. आवश्यक मेडिकल जांच भी कराई जा रही हैं, जिससे कि बीमारी के कारणों का सही पता लगाया जा सके और समय पर उपचार सुनिश्चित हो.



