
चाकुलिया : चाकुलिया के डाकबंगला परिसर में नेताजी सुभाष पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय गूंज महोत्सव का समापन मंगलवार की शाम समारोहपूर्ण हुआ. समापन समारोह में मुख्य अतिथि झामुमो के केन्द्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य थे. उन्होंने दीप प्रज्वलित कर और नेताजी की तसवीर पर माल्यार्पण कर समारोह का उद्घाटन किया. इस अवसर पर सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गूंज की गूंज चाकुलिया ही नही पूरे राज्य में गूंज रही है. उन्होंने कहा कि चाकुलिया जैसे छोटे कस्बे में गूंज महोत्सव का आयोजन कर ग्रामीण प्रतिभा को बेहतर मंच देने का सराहनीय कार्य किया गया है. मेहनत का परिणाम बेहतर होता है. सभी प्रतिभागी आगे और भी मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी. उन्होंने युवाओं से कहा कि युवा नेताजी को अपना आदर्श मानकर उनके बताये मार्ग पर चलें, तभी समाज और राज्य का विकास होगा. युवा अपने हक और अधिकार के लिए संगठित होकर आंदोलन करें.

समारोह को संबोधित करते हुए बहरागोड़ा के विधायक सह संरक्षक समीर महंती ने कहा कि गूंज महोत्सव का आयोजन करने का मुख्य उधेश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारना है. कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नही है कमी है बेहतर मंच की. मंच नही मिलने के कारण ग्रामीण प्रतिभा गांव में सिमट कर रह जाती है. गूंज महोत्सव का आयोजन कर ग्रामीण प्रतिभा को निखारने का काम किया गया है. समारोह के अंत में अतिथियों ने क्रिकेट के विजेता स्पोर्ट्स क्लब को ट्राफी और नगद 10 हजार रुपये, उपविजेता टीम तड़ंगा को ट्रॉफी और 8 हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया. वही फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता जाराडांगा टीम को ट्रॉफी और 10 हजार रुपये, उप विजेता टीम गोटाशिला टीम को ट्रॉफी और 8 हजार रुपये, बॉलीवाल में विजेता अजहर एकादश चाकुलिया और उप विजेता नुनिया एकादश, कबड्डी बालक वर्ग में विजेता केटीसी जमशेदपुर और उप विजेता घाटशिला कॉलेज घाटशिला एकादश, वही बालिका वर्ग में विजेता घाटशिला कॉलेज घाटशिला और उप विजेता चाकुलिया चैलेंजर्स एकादश समेत अन्य प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागीयों को नगद रुपये और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया. मंच का संचालन गौतम दास और विशाल बारिक ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर शिवशंकर पोलाई, प्रणव दे, पुलकरंजन महापात्रा,बुलबूल मंडल, राकेश महंती, विशाल बारिक, शुभदीप दास, देवाशिस दास, लखन मांडी, मिथुन कर समेत अन्य उपस्थित थे.



