चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर गांव के सबर टोला में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और जन प्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण सबर परिवार को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है. टोला में स्थापित सोलर जलापूर्ति योजना विगत सात माह से खराब पड़ी है. टोला का एक मात्र चापाकल भी खराब है और कुआं का पानी पीने लायक नहीं है. ऐसे में यहां के सबर परिवार को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है. सबरों को टोला से दूर गांव से पानी ढोकर लाना पड़ता है. सबर परिवार नहाने के लिए तालाब या नदी में जाते हैं. इस टोला में 52 सबर परिवार निवास करते हैं. सबरों ने कहा कि टोला में ठप पड़े जलापूर्ति योजना की मरम्मत के लिए कई बार क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों से गुहार लगाई है परंतु मरम्मत के दिशा में अबतक किसी ने भी पहल नही किया है जिससे लोगों में काफी आक्रोश है.











