चाकुलिया (Chakulia) : चाकुलिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों (Elephant) का उपद्रव थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात्रि जंगली हाथियों ने सोनाहातु पंचायत के अमाभुला गांव में उपद्रव मचाया। रात भर जंगली हाथी घरों के दरवाजे खटखटाते (Knock) रहे और ग्रामीण अपने घरों में दुबके रहे। हाथियों ने निर्मल महतो के घर की दीवार समेत अन्य कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक भोर तक जंगली हाथी गांव में घूमते रहे और घर-घर जाकर दरवाजा खटखटाते रहे। ग्रामीण हाथियों के भय से रातभर अपने-अपने घरों में दुबके रहे। (नीचे भी पढ़ें)
रात में ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दे दी है। ज्ञात हो कि यह गांव चारों और से जंगल से घिरा है। इसलिए अक्सर जंगली हाथी यहां आते हैं और उत्पात मचाते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक बीती रात करीब पांच जंगली हाथी गांव में घुस आए थे और घूम-घूम कर उत्पात मचा रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि हाथी दिन में जंगल में रहते हैं और रात होते ही जंगल से निकलकर गांव में घुस आते हैं। हाथियों ने जीना मुहाल कर रखा है। ग्रामीणों का शाम के बाद घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। हाथियों के भय से ग्रामीण दहशत में हैं।




