जमशेदपुर : दुर्गापूजा के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है. इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम के सहायक आयुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध महुआ शराब निर्माण केंद्रों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने भारी मात्रा में अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले किण्वित जावा महुआ नष्ट किया तथा तैयार महुआ चुलाई शराब जब्त की. (नीचे भी पढ़ें)

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षक उत्पाद, घाटशिला प्रक्षेत्र के नेतृत्व में चाकुलिया थाना क्षेत्र के चन्द्रपुर एवं हाथीबाड़ी तथा गालूडीह थाना क्षेत्र के काशपानी जंगल और नहर किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण केंद्रों पर छापामारी की गई. छापामारी के दौरान मौके पर बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाने की तैयारी किए जाने का मामला सामने आया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्रवाई के दौरान 4000 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि 60 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई. उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया. (नीचे भी पढ़ें)

छापामारी के दौरान अवैध शराब निर्माण में शामिल अभियुक्त मौके से फरार हो गए. विभाग की ओर से फरार अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है. फरार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उत्पाद विभाग ने आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया है. विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाना तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना है.





