बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक के समीप गेरुआ बस्ती स्थित लेकव्यू होटल एंड रिसॉर्ट में मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है. कोलकाता के पटोली थाना क्षेत्र निवासी कारोबारी संतोष गिरी के साथ होटल परिसर में मारपीट की गयी. इस मामले में संतोष गिरी के आवेदन पर बोड़ाम थाना में संजीत गिरी और आशुतोष गिरी समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संजीत गिरी और आशुतोष गिरी को गिरफ्तार कर लिया है. संजीत गिरी बिहार के वैशाली जिले के यूसुफपुर का रहने वाला है, जबकि आशुतोष गिरी वैशाली के भगवानपुर का निवासी है. पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच संतोष गिरी से पुराना व्यावसायिक विवाद चल रहा है. संजीत गिरी का कहना है कि संतोष गिरी पर उसके लाखों रुपये बकाया हैं, जिन्हें वह लंबे समय से वापस नहीं कर रहा है. इसी रकम की मांग को लेकर आरोपी बोड़ाम पहुंचे थे. होटल में संतोष गिरी से रुपये मांगे गए, लेकिन उन्होंने किसी भी तरह के बकाये से इनकार कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
संतोष गिरी का कहना है कि उनका किसी पर कोई कर्ज नहीं है और उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं. बताया जा रहा है कि संतोष गिरी फिलहाल गेरुआ बस्ती स्थित लेकव्यू होटल एंड रिसॉर्ट में ही रह रहे हैं. दोनों पक्ष होटल और रिसॉर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं. संजीत गिरी का दावा है कि कोलकाता में दोनों ने साझेदारी में एक रिसॉर्ट चलाया था, उसी पार्टनरशिप से जुड़ा यह पूरा विवाद है. (नीचे भी पढ़ें)
रकम को लेकर हुई कहासुनी के बाद होटल परिसर में मारपीट की घटना हुई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गयी. पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की है, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. अन्य आरोपियों में एक वाहन चालक, एक मोबाइल नंबर का धारक और एक अज्ञात युवक शामिल हैं, जिनकी पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले की गहन जांच जारी है.











