जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के पोटका थाना क्षेत्र में भारत फिनांस कंपनी के 18 सदस्यों से 6 लाख 10 हजार रुपये की धोखाधड़ी और गबन के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एजेंट भावेश लोहरा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इस मामले में भारत फिनांस कंपनी के ब्रांच मैनेजर अमित कुमार केसरी के बयान पर पोटका थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस के अनुसार, शाखा की आंतरिक जांच के दौरान वित्तीय गड़बड़ी का खुलासा हुआ. जांच में सामने आया कि कंपनी में ऋण वितरण एवं ऋण वसूली का कार्य करने वाला फील्ड एजेंट भावेश लोहरा सदस्यों को झांसा देकर उनसे प्राप्त कुल 6 लाख 10 हजार रुपये का गबन कर चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की जानकारी मिलते ही ब्रांच मैनेजर ने इसकी सूचना पोटका पुलिस को दी. पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी भावेश लोहरा कांड्रा थाना क्षेत्र का निवासी है और पोटका स्थित भारत फिनांस कंपनी में फील्ड एजेंट के रूप में कार्यरत था. पुलिस ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है.







