चाकुलिया: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि चाकुलिया प्रखंड के विभिन्न गांवों के लोगों को हाथियों के उपद्रव के डर से रात्रि जग कर बिताना पड़ता है. हाथियों का झुंड 8 जुलाई को चाकुलिया प्रखंड के पाकुड़िया गांव और 9 जुलाई को गोदराशोल गांव घुस गया. 9 जुलाई को कालियाम गांव के कई किसानों के धान के खेतों को हाथियों ने रौंद डाला. हाथियों के गांव घुसकर उत्पात मचाने से ग्रामीण डरे हुए हैं. डॉ गोस्वामी चाकुलिया में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे. डॉ गोस्वामी ने कहा कि वन विभाग ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षा प्रदान करने में पूरी तरह बिफल है. वन विभाग के पदाधिकारियों के निष्क्रियता के कारण हाथियों से ग्रामीण काफी दहशत में हैं. डॉ गोस्वामी ने वन विभाग से एक टोल फ्री नंबर जारी करने की मांग की ताकि हाथियों के गांव में घुसने की स्थिति में ग्रामीण इसकी सूचना वन विभाग को दे सकें और वन विभाग त्वरित कार्रवाई कर हाथियों को गांवों से बाहर निकाल सके.(नीचे भी पढ़े)
डॉ गोस्वामी ने कहा कि चाकुलिया प्रखंड की एक बड़ी आबादी हाथियों के उपद्रव से परेशान और डरी हुई है. पिछले 2 महीनों के दौरान हाथियों के उपद्रव से जान माल की काफी क्षति हुई है परंतु वन विभाग पूरी तरह निष्क्रिय है. डॉ गोस्वामी ने युवाओं से हाथी प्रभावित गांवों में ग्राम सुरक्षा समिति गठित करने का आग्रह किया. भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला के उपाध्यक्ष हरिसाधन मल्लिक की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में 20 सूत्री प्रखंड समिति के पूर्व अध्यक्ष शम्भुनाथ मल्लिक, भाजपा नेता राजीव महापात्रा, दिलीप महतो, शचीन्द्रनाथ पाल, तपन नायक, सुरेश सिंह, विजय महतो, महादेव महतो ने बैठक को संबोधित किया. बैठक में मुख्य रूप से मणिन्द्र नाथ महतो, पिन्टु मल्लिक, रमानाथ महतो, हिमांशु बेरा, भवानी शंकर महतो, परिमल दास, अप्पु दास, राणा प्रताप गोप, मुरली मनोहर दास, बलराम दास,शिवम दे समेत अन्य उपस्थित थे.




