चाकुलिया: श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के बड़ा गड़ियास जंगल के बीच बालू माफियाओं द्वारा बालू का भंडारण कर रखा गया था ताकि समय पर उक्त बालू का परिवहन किया जा सके. गुप्त सूचना के अधार पर गुरूवार की शाम खनन विभाग के इंस्पेक्टर,सीओ नवीन पूरती और श्यामसुंदरपुर थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से छापामारी कर 2000 सीएफटी अवैध बालू को जब्त कर लिया है.(नीचे भी पढ़े)
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बालू का स्टॉक किसका है, पहचान नहीं होने के कारण श्यामसुंदरपुर थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वहीं पुलिस और खनन विभाग के पदाधिकारी मामले की जांच कर रही है की स्टॉक बालू कर अवैध कारोबार के पीछे कौन है. प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध बालू के परिवहन करने वाले बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है. इस संबंध में सीओ नवीन पूरती ने कहा कि क्षेत्र में अवैध बालू के परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र में अवैध बालू के कारोबार पर प्रतिबंध लग सके.



