जमशेदपुर : टाटा स्टील के लंबित वेज रिवीजन समझौता को लेकर वार्ता लगातार दूसरे दिन भी जारी रही. बताया जाता है कि टाटा स्टील के कर्मचारियों के एलाउंस पर बातें हुई है. इस दौरान एलाउंस को किस तरह से रिवाइज किया जाना है, उस पर बातें हुई है. दरअसल, टाटा स्टील में कई सारे एलाउंस है. उसका बारी बारी के साथ बातचीत हो रही है. मुख्य तौर पर टिस्को इंप्लाइज पेंशन स्कीम (टेप्स) पर भी विस्तार से चर्चा की जायेगी. इसके अलावा एनएस ग्रेड के हायर रिस्पांसबिलिटी एलाउंस और एक्टिंग एलाउंस में विशेष बढ़ोत्तरी पर भी चर्चा की गयी है. एनएस ग्रेड के सालाना इंक्रीमेंट पर भी चर्चा की गयी. वहीं, महिला कर्मचारियों को मिलने वाले मातृत्व अवकाश पर भी चर्चा की गयी है. बताया जाता है कि टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के वेज रिवीजन समझौता के साथ ही कलिंगानर प्लांट का भी वेज रिवीजन समझौता करने की तैयारी है, जो 1 अप्रैल 2025 से लंबित हो चुका है. इस कारण कलिंगानगर प्लांट के कर्मचारियों को भी वार्ता के लिए बुलाया गया है. शुक्रवार से इस वार्ता में तेजी होगी.



