पोटका: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके कोवाली थाना अंतर्गत जानमडीह पंचायत के मझगांव गांव में असामाजिक तत्वों ने चार एकड़ भूमि में लगे आम बागवानी को आग के हवाले कर दिया.जिससे लगभग एक हजार फलदार पौधे झुलस गए. इस घटना से बागवानी संचालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. घटना के संबंध में पीड़ित पोलटू मंडल ने कहा कि चार एकड़ जमीन में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से पांच वर्ष पूर्व आम बागवानी मिशन के तहत मनरेगा योजना से पौधारोपण कराया गया था. बागवानी में लगाए गए पौधे अब पूर्ण रूप से पेड़ों का रूप ले चुके थे. बड़े पैमाने पर फल उत्पादन भी शुरू हो गया था. (नीचे भी पढ़े)

इसी बीच शनिवार को असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने से आग की तेज लपटों ने पूरे बागवानी को जलाकर राख कर दिया. श्री मंडल ने कहा कि आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश फलदार पेड़ जलकर झुलस चुके थे. इस घटना से वे काफी दुखी हैं, क्योंकि स्वरोजगार के उद्देश्य से उन्होंने इस बागवानी को विकसित किया था, जो अब वीरान हो गई है.इस मामले को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज किया गया है. शिकायत में मांग किया गया है कि जांचोपरांत दोषी असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किया जाए.















