बहरागोड़ा: मानसून की विदाई और शरद ऋतु के बीच बहरागोड़ा और चाकुलिया के ग्रामीण इलाकों में कास के सफेद फूलों ने प्रकृति की खूबसूरती बढ़ा दी है. खेतों,नदी-नालों के किनारे और खुले मैदानों में दूर-दूर तक लहराते कास के फूल लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं. हल्की हवा के साथ झूमते सफेद फूलों को देखकर ऐसा लगता है, जैसे धरती ने सफेद चादर ओढ़ ली हो. प्रकृति प्रेमी और युवा इन खूबसूरत नजारों को कैमरे में कैद करने के लिए भी पहुंच रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
ग्रामीण मान्यता है कि कास के फूल खिलना मानसून की विदाई और शरद ऋतु के आगमन का संकेत माना जाता है. वहीं, कास फूलों का शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा और सांस्कृतिक से जुड़ाव है. बहरागोड़ा के स्वर्णरेखा की नदी के किनारे में कास के फूल अब साफ संदेश दे रहा हैं कि बरसात विदा होने वाली है और त्योहारों, खुशियों और उत्सवों का मौसम दस्तक दे चुका है.




