चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में काम कर रहे पंप ऑपरेटरों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है. इससे नाराज ऑपरेटरों ने एक बार फिर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है. पंप ऑपरेटरों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर कहा है कि वे ठेकेदार कुशाग्र कुमार के माध्यम से काम कर रहे हैं और नियमित रूप से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, लेकिन तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है.ऑपरेटरों के अनुसार लगातार तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. ठेकेदार से कई बार बकाया वेतन देने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ. ऑपरेटरों ने स्पष्ट किया है कि यदि 28 सितंबर तक तीन माह का बकाया वेतन नहीं मिला, तो 29 सितंबर से वे हड़ताल पर चले जाएंगे. ऐसी स्थिति में नगर पंचायत क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति और पंप संचालन प्रभावित हो सकता है.(नीचे भी पढ़े)
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुरनापानी में दो पंप हैं. इनमें एक पुराने पंप का मोटर करीब तीन माह से खराब है. फिलहाल दूसरे पंप से पानी की सप्लाई की जा रही है. ऑपरेटरों के अनुसार इस पंप से कई बार गंदे पानी की सप्लाई शुरू हो जाती है.पंप ऑपरेटरों का कहना है कि करीब तीन माह बीत जाने के बावजूद खराब मोटर को अब तक दुरुस्त नहीं किया गया है. यदि चालू पंप का मोटर भी खराब हो गया, तो क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो सकती है.ऑपरेटरों ने ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाये हैं. उनका आरोप है कि वेतन भुगतान में अक्सर देरी होती है और पंप में खराबी आने पर समय पर मरम्मत नहीं करायी जाती. नगर पंचायत के प्रतिनिधियों ने भी ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया है. इसके बावजूद अब तक नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं किये जाने की बात कही गयी है.















