गालूडीह: तीन फरवरी से मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं चल रही है. परीक्षा के समय बिजली की अघोषित कटौती ने छात्रों की परेशानी बढ़ा दी है. छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. उन्हें परीक्षा की तैयारी करने में दिक्कत हो रही है. बिजली कटौती से गालूडीह क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश है. अभिभावकों ने बताया कि बिजली कब आएगी और कब नहीं, किसी को नहीं पता रहता है. सुबह से दोपहर और फिर शाम तक कई बार बिजली काट दी जा रही है. (नीचे भी पढ़े)
बिजली न हाेने से बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही है. पिछले तीन दिनों से यही स्थिति है. बिजली मिस्त्री रात तक मरम्मत का काम कर रहे हैं. अगर बिजली की यही स्थिति रही तो तैयारी अच्छी नहीं होगी, तो भला बच्चे कैसे मैट्रिक-इंटर की परीक्षा पास करेंगे? जिनके घर में इनवर्टर है उनके बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं. गरीब घरों के बच्चे मोमबत्ती जलाकर पढ़ने को विवश हैं. बिजली की समस्या से केवल स्कूली छात्र और छात्राएं ही परेशान नहीं हैं बल्कि आम लोगों को भी समस्याएं हो रही हैं. मालूम हो कि मैट्रिक की परीक्षाएं 3 फरवरी से 17 फरवरी और इंटर परीक्षाएं 3 फरवरी से 23 फरवरी तक चलेंगी.








