बहरागोड़ा: बहरागोड़ा विस क्षेत्र में अवैध बालू का खनन रूकने का नाम नहीं ले रहा है. रोजाना रात के अंधेरे में विस क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न घाटों से आखिर किसके संरक्षण में बालू माफिया बेधड़क अवैध खनन करते हैं. माफिया रोजाना विस क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों से रात के अंधेरे में बालू का खनन कर विभिन्न वाहनों से बालू के ढुलाई कर मालामाल हो रहे हैं और सरकार को रोजाना लाखों रूपए की राजस्व का नुकसान हो रहा है. माफिया आखिर किसके संरक्षण में बालू का अवैध रूप से खनन कर रहे हैं यह एक यक्ष पश्न के रूप में लोगों के समक्ष खड़ा है. बहरागोड़ा में बड़े पैमाने पर बालू खनन का मामला अब तो क्षेत्र से निकलकर विधान सभा तक पहुंच गया है. परंतु बालू खनन कार्य का संरक्षण करने वाले सफेदपोश अब भी प्रशासन की पकड़ से दूर है.(नीचे भी पढ़े)
मंगलवार को एसडीओ सुनील चन्द्रा के नेतृत्व में खनन विभाग ने दुधियाशोल से 26 हजार सीएफटी बालू किया जब्त,उप प्रमुख मनोरंजन होता समेत तीन के खिलाफ थाना में मामला दर्ज किया है. मंगलवार को घाटशिला के एसडीओ सुनील चन्द्रा और खान निरीक्षण अरविंद उरांव के नेतृत्व में विभाग के पदाधिकारी बहरागोड़ा प्रखंड के विभिन्न स्वर्णरेखा नदी घाट पर छापेमारी की. दुधियाशोल गांव में बालू माफिया द्वारा बालू का खनन कर स्टोर कर रखे गए 26 हजार सीएफटी बालू को जब्त कर अधिकारियों ने बहरागोड़ा थाना में पुलिस ने खान निरीक्षक अरविंद उरांव के बयान पर प्रखंड के साकरा गांव निवासी उप प्रमुख मनोरंजन होता उर्फ मुन्ना होता,पाटपुर के राहुल सीट और बहरागोड़ा के रहने वाले देबु ओझा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से बालू का खनन करने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.



