चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की लखीपुरा हाट मैदान में मंगलवार को झारखंडी खतियानी संघर्ष समिति की आयोजित सभा में मुख्य अतिथि के रूप में जयराम महतो उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कहा कि अपने सम्मान और रक्षा के लिए मूलवासी जागरूक हो और अपनी भाषा और संस्कृति का संरक्षण करें सभी मूल वासियों को उनका हक और अधिकार मिलेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में जिसकी भी सरकार बनी है उसने स्थानीय मूल वासियों के हक और अधिकार बेचने का काम किया है।कहा कि अपने हक और अधिकार के लिए एक और आंदोलन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सिदो कान्हु ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ हुल आंदोलन कर सोशन महाजनी प्रथा समेत अन्य कुप्रथाओं के खिलाफ आंदोलन किया था। आज यहां भी आंदोलन की जरूरत है। (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि जल जंगल और जमीन की बात करने वाली सरकार के कार्य कार्य में आज स्वर्णरेखा नदी का पानी कंपनी बेच रही है। राज्य में कोई नीति नहीं होने के कारण स्थानीय लोग विस्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य अलग मिले बरसों बीतने के बाद भी झारखंड के लोगों को और स्थानीय मूलवासी लोगों को उनका हक और अधिकार नहीं मिल पाया है। झारखंड आंदोलन जिस सपने के साथ की गई थी आज भी वह सपना अधूरी है यहां के लोग बेरोजगार हैं और रोजगार के लिए अन्य राज्यों में पलायन कर रहे हैं। श्री महतो ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरा होने के बावजूद भी यहां के लोग गरीब हैं इसका एकमात्र कारण राज्य में कोई नीति का नहीं होना है। मौके पर शंखदीप महतो,कमल महतो,अशोक महतो,अमृत महतो,दीपक महतो,सपन महतो,विमल महतो, प्रसेनजीत महतो,दिलीप महतो, बैद्यनाथ नायेक, समेत अन्य उपस्थित थे।











