चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिला की मनोहरपुर प्रखंड की चिरिया पंचायत के टिमरा गांव में सर्पदंश से 39 वर्षीय टापू पूर्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस संबंध में बताया जाता है कि टापू पूर्ति अपने घर में जमीन पर सोया हुआ था. शनिवार तड़के करीब 3 बजे भोर में एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया.सांप डंसने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तो परिजनों ने अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक शुरू कर दिया. (नीचे भी पढ़े)
दोपहर तक उसकी हालत ज्यादा बिगड़ने लगी, तब परिजन उसे इलाज के लिए मनोहरपुर सीएचसी पहुंचे. सीएचसी में डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया. मामले पर सीएचसी में तैनात चिकित्सक ने बताया कि मरीज को काफी देर से और नाजुक हालत में अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन शरीर में जहर फैल जाने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका.




