बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया गांव निवासी गिता राणा विगत कई माह से जर्जर झोपड़ी नुमा घर में रहने पर विवश है. गिता राणा ने बताया कि उसके पति का निधन हो गया है और उसकी एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है. वह फिलहाल घर में अकेली रहती है. उसने बताया कि वह दूसरों के घरों में काम कर अपनी जीविका चला रहीं हैं. उसके पास उतने रूपए भी नहीं है कि वह अपने घर की मरम्मत करा सकें. गिता राणा ने बताया कि बरसात में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. घर के पुआल की छावनी पूरी तरह से नष्ट हो चुका है और वह तिरपाल लगाकर किसी तरह घर में रह रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उसने बताया कि वे सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अबुआ आवास योजना के तहत आवास बनवाने के लिए प्रखंड कार्यालय में आवेदन भी दी है परंतु अबतक उनके नाम से आवास स्वीकृत नहीं हुआ है. गिता राणा ने आवास के लिए पंचायत के मुखिया राम मुर्मू से मिलकर आवास उपलब्ध कराने की मांग की है. गिता राणा की शिकायत पाकर मुखिया श्री मुर्मू ने उनके आवास जाकर वस्तु स्थिति से अवगत होकर बीडीओ से दूरभाष पर बातकर मामले की जानकारी दी. बीडीओ ने मुखिया को आश्वस्त किया है कि सरकार के नियमों के तहत जल्द से जल्द गिता राणा को सरकारी योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की बात कही है.











