
गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र के खड़ियाडीह गांव निवासी एक व्यक्ति की नदी में डूबने से मौत हो गयी. गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने सुवर्णरेखा नदी के कुलियाना घाट में शव को तैरते हुए देखा. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बड़ाखुर्शी पंचायत के मुखिया हरिपद सिंह को दी. मुखिया द्वारा पुलिस को सूचित किया गया. मौके पर गालूडीह पुलिस स्वर्णरेखा नदी पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकाला. परिजनों ने उसकी शिनाख्त घनश्याम हांसदा (40) के रूप में किया. फिर पुलिस द्वारा शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल घाटशिला भेजा गया. (नीचे पढ़ें पूरी खबर)
परिजनों के अनुसार जोड़िसा पंचायत के खड़ियाडीह गांव निवासी घनश्याम हांसदा सोमवार को गालूडीह थाना क्षेत्र के खिलकनाली गांव अपने ससुराल पालू मुर्मू के घर छोऊ नृत्य कार्यक्रम देखने आया था. मंगलवार दोपहर चार बजे स्वर्णरेखा नदी के बाड़ा घाट में नहाने के लिए घर से निकला था फिर वापस नहीं लौटा. परिजनों के काफी खोजबीन के बावजूद उसका कहीं पता नहीं चल सका. इस बीच गुरुवार की सुबह कुलियाना गांव से कुछ दूर स्थित स्वर्णरेखा नदी में कुछ लोगों ने एक शव तैरते हुए देखा. अनुमान लगाया जा रहा है कि घनश्याम हांसदा नहाने के क्रम में नदी में डूब गया था. मृतक अपने पीछे पत्नी रुपाली हांसदा और दो बेटा अजय हांसदा (18) विजय हांसदा (14) को रोता बिलखता छोड़ गया.












