चाकुलिया : बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक समीर मोहंती ने राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद युवा कार्य एवं नगर विकास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान विधायक ने क्षेत्र के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं जनसुविधा से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित नागानल मंदिर के समीप स्थित तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण और मुस्लिम बस्ती स्थित साप्ताहिक हाटचाली परिसर में कम्युनिटी हॉल निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक ने कहा कि नागानल मंदिर क्षेत्र स्थित आस्था के प्रमुख स्थलों में से एक है. तालाब के सौंदर्यीकरण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं साप्ताहिक हाटचाली में कम्युनिटी हॉल बनने से स्थानीय लोगों को सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विधायक की मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही. विधायक श्री मोहंती ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा.





