
बहरागोड़ा : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने रेलवे बोर्ड के नये चेयरमैन सुनीत शर्मा से दूरभाष पर बातकर अपने लोकसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा पुन: प्रारंभ कराने की बात कही. वही ट्रेन नही चलने से लोगों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया. इस वार्ता के दौरान उन्होंने रेलवे बोर्ड के नये चेयरमैन से कहा कि टाटा – एलेप्पी ट्रेन की पुनःशुरुआत यथाशीघ्र किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि यदि रांची -एलेप्पी की शुरुआत फिर से हो गई है तो टाटा एलेप्पी की शुरुआत क्यों नहीं की जा रही है. इस ट्रेन के नहीं चलने से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

चेयरमैन ने सांसद श्री महतो को आश्वस्त किया कि वे इस मामले को यथाशीघ्र अपने स्तर से देखेंगे. इसके अतिरिक्त सांसद श्री महतो ने उनसे यह भी आग्रह किया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन होकर जाने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों को अविलंब प्रारंभ किया जाए. इस पर चेयरमैन श्री शर्मा ने सांसद श्री महतो को कहा कि वे प्रमुख ट्रेनों की एक सूची उन्हें अविलंब उपलब्ध करा दें, जिससे कि वह समुचित निर्णय ले पायें. सांसद श्री महतो ने नए चेयरमैन को यह भी बताया कि वे लंबे समय से टाटा से बक्सर के लिए सीधी ट्रेन सेवा की मांग कर रहे हैं लेकिन आज तक इस पर कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है.
सांसद श्री महतो ने उन्हें यह भी बताया कि न्यूनतम खर्च में टाटा से बक्सर रेल सेवा की सीधी शुरुआत हो सकती है और इससे ना सिर्फ बक्सर के बल्कि जमशेदपुर के बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित होंगे. चेयरमैन श्री शर्मा ने सांसद को यह बताया कि वे इस मामले को भी गंभीरता पूर्वक लेंगे और इस दिशा में समुचित प्रयास करेंगे. श्री शर्मा ने सांसद श्री महतो को यह भी कहा कि वे बजट सत्र के दौरान जरूर उनसे मुलाकात करेंगे और उनकी बातों पर और इस मसले का वह अवश्य समाधान निकालने का यथासंभव प्रयास करेंगे.












