जमशेदपुर : जमशेदपुर के गालूडीह थाना क्षेत्र में सीएससी संचालक तारापद महतो की हत्या के मामले को लेकर शनिवार को देर शाम शव पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा सड़कों पर नजर आया. परिजनों ने शव के साथ एनएच-33 को जाम कर दिया, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. बता दें कि इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, लेकिन परिजन अब भी अन्य दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. मृतक के बड़े भाई षष्टी चरण महतो का कहना है कि उनके भाई ने अवैध जमीन कब्जे के खिलाफ आवाज उठाई थी, इसी को लेकर विवाद हुआ और बाद में उनकी हत्या कर दी गयी. परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते प्रशासन ने इस विवाद को गंभीरता से लिया होता और समाधान किया होता, तो आज यह घटना नहीं होती. इन्होने मामले में और बाकी अपराधियों के गिरफ़्तारी की मांग की हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसी मांग को लेकर परिजन सड़क पर उतर आए और न्याय की मांग करते हुए एनएच-33 को जाम कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और जाम हटाने की कोशिश जारी है. शनिवार को पोस्टमार्टम से देर से शव आने के बाद ग्रामीणों का सड़क पर विरोध प्रदर्शन जारी रहा और शूटर सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को एनएच 33 जाम कर दिया.











