
चाकुलिया : चाकुलिया रेलवे भूमि पर बसे 72 भूमीहीन विस्थापित परिवार को बसाने के लिए बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने पहल करते हुए गुरुवार को प्लाटिंग कर लॉटरी सिस्टम से भूमि का वितरण किया. प्रत्येक परिवार को 300 स्कवायर फीट भूमि का वितरण किया गया. विदित हो की सारे परिवार विगत कई वर्षो से रेलवे की भूमि पर झोपड़ी निर्माण कर जीवन यापन कर रहे थे. विगत दिनों रेलवे की ओर से सभी परिवारों को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने का आदेश दिया था. रेलवे नोटिस मिलने के पश्चात सारे परिवार के लोग विधायक समीर महंती से मिले और सरकारी भूमि उपलब्ध कराने की मांग की थी, ताकि भूमि पर झोपड़ी निर्माण कर परिवार के साथ रह सकें. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों की समस्या से अवगत होकर विधायक ने पहल करते हुए सभी विस्थापित परिवारों के बीच आज भूमि का वितरण किया. इस दौरान विधायक ने कहा कि सभी कॉलोनी में अपनी झोपड़ी का निर्माण करने में जुट जायें. सभी परिवार को उनके द्वारा बांस और नगद रुपये देकर आर्थिक सहयोग किया जायेगा. कॉलोनी में सभी परिवार आपसी एकता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से रहकर जीवन यापन करें. उन्होंने कहा कि वे लोगों की सहयोग के लिए आगे भी यथासंभव सहयोग करेंगे. इस दौरान पार्षद देवानंद सिंह, मो गुलाब, धनंजय करूणामय, गौतम दास, पतित दास, राजा बारिक, राकेश महंती, बलराम महतो, विशाल बारिक, निपेन महतो, रसीद खान समेत अन्य लोग उपस्थित थे.





