पोटका: पोटका प्रखंड क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर रविवार को हाता रामगढ़ आश्रम में सूरज मंडल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग, साह स्पंज प्राइवेट लिमिटेड, हाता-हल्दीपोखर धर्मकांटा तथा हल्दीपोखर पाउडर फैक्ट्री से कथित रूप से फैल रहे प्रदूषण को लेकर गंभीर चिंता जताई गई. उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रदूषण के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर इसके प्रभाव को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए. बैठक में प्रदूषण की रोकथाम तथा आम जनता को राहत दिलाने के लिए व्यापक जनआंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया. (नीचे भी पढ़े)

आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने के लिए जुड़ी, हल्दीपोखर पूर्वी एवं पश्चिमी, गांगाडीह, पोड़ाडीह, सांग्राम, पोटका, तेतला, चांदपुर पंचायत सहित राजनगर प्रखंड के एदल पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों को भी जोड़ने की रणनीति बनाई गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदूषण नियंत्रण, नियमित जांच, नियमों के अनुपालन तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई को लेकर संबंधित विभाग एवं प्रशासन के समक्ष मांगपत्र सौंपा जाएगा. साथ ही मांगों पर समयबद्ध और उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में चरणबद्ध तरीके से महाआंदोलन करने की चेतावनी दी गई. इस बैठक में मनोज सरदार, पलटू मंडल, उत्पल बोस, अजय गोप, उज्ज्वल मंडल, दिनेश कर, सौरभ मंडल, कोमल लोचन गोप, आयुष महाकुड़, शुभम साहू, तनुज दास, रमेश मोदक, कविंदर गोप, दुलाल मंडल, बबलु कुमार, शंकर मंडल, बासुदेव महाकुड़, सूरज पात्र, बिशाल खंडवाल, जयदेव कुमार, देवाशीष दे, माना गोप, प्रकाश सरदार समेत क्षेत्र के कई लोग उपस्थित थे.







