पोटका: लगातार कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर में एक परिवार पर दोहरी मार डाल दी. बारिश के कारण विनोद गुप्ता का कच्चा मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया. हालांकि, इस हादसे में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए, लेकिन अब उनके सिर से छत छिन गई है और पूरा परिवार बेघर हो गया है. पीड़ित विनोद गुप्ता ने बताया कि उनकी मां का दो दिन पहले ही निधन हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)

शोक के कारण घर में रिश्तेदारों और परिचितों का आना-जाना लगा हुआ था. इसी बीच बुधवार देर रात करीब 12 बजे पड़ोसी के मकान की दीवार अचानक उनके घर पर गिर गई, जिससे उनका पूरा मकान भरभराकर ढह गया. इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है. घटना की सूचना मिलते ही हल्दीपोखर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार का हालचाल जाना. उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि पिछले वर्ष आपदा से प्रभावित सैकड़ों परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया है. (नीचे भी पढ़ें)

ऐसे में लंबित मुआवजे का शीघ्र भुगतान किया जाए और इस वर्ष बारिश से प्रभावित परिवारों को भी बिना देरी राहत एवं मुआवजा दिया जाए. वहीं, विनोद गुप्ता ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की अपील करते हुए कहा कि विपदा की इस घड़ी में उन्हें सरकारी मदद की सख्त जरूरत है, ताकि वह दोबारा अपने परिवार के लिए आशियाना तैयार कर सकें. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.




