चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 9 में दो साल पूर्व बनी पीसीसी सड़क के कालीकरण कराने की योजना पारित की गई है. वह भी तब जब उससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है. स्थानीय कांग्रेस नेता विक्रम सिंह चौहान ने इस संबंध में नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन सौंप कर इस मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि चाकुलिया नगर परिषद् के वार्ड नंबर 9 में मुख्य मार्ग से मस्जिद तक दो वर्ष पहले ही पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था. उक्त सड़क अभी ठीकठाक ही है, लेकिन अब उसी के ऊपर से सड़क कालीकरण की योजना पारित कर दी गयी है. स्थानीय कांग्रेस नेता विक्रम सिंह चौहान ने इसे कमीशनखोरी के लिए संवेदक के साथ साठगांठ कर सड़क को दोबारा योजना में डाल कर उसके कालीकरण की साजिश करार देते हुए कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. विक्रम ने कहा है कि अच्छी भली सड़क को दोबारा बनाने से सड़क भी ऊंची हो रही है और घरों से जल निकासी की सुचारू सुविधा नहीं होने के कारण सड़क किनारे रहनेवालों की परेशानी भी बढ़ सकती है. ऐसे में जनता के पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है. विक्रम ने संवेदक द्वारा विभाग को गुमराह कर योजना में कार्य लिये जाने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त से मामले को संज्ञान में लेकर इस कालीकरण कार्य को रोकने एवं जांच कमेटी गठित कर उचित कार्रवाई किये जाने की मांग की है.




