बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड में एनएच से जयपुरा होते हुए जुगडीहा तक जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर हालत ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित यह सड़क पिछले कई वर्षों से मरम्मत की बाट जोह रही है. सड़क की बदहाली के कारण शामडिंगा, हुडलि, वृंदावनपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को प्रतिदिन आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. कई स्थानों पर पत्थर बाहर निकल आए हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए सफर करना जोखिम भरा हो गया है. हल्की बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ और पानी जमा हो जाता है. वहीं, लगातार बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है. ऐसे में पैदल चलने वालों से लेकर साइकिल और दोपहिया वाहन चालकों तक को काफी परेशानी होती है. गड्ढों और फिसलन के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाली का असर गांवों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है. किसानों को अपनी उपज और सब्जियां बाजार तक पहुंचाने में दिक्कत होती है. वहीं, स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ती है. सबसे गंभीर स्थिति तब होती है, जब किसी बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. चुनाव और राजनीतिक चर्चाओं के दौरान सड़क का मुद्दा जरूर उठता है, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके.












