चाकुलिया : चाकुलिया के स्टील फैक्ट्री प्रांगण स्थित श्याम वाटिका में श्याम युवा सत्संग कमेटी के तत्वावधान में आयोजित श्याम महोत्सव में कलाकारों ने भजनों का ऐसा समां बांधा कि देर रात तक सैकड़ों पुरुष और महिला श्रोता झूमते रहे. समारोह में राजस्थानी कला और संस्कृति की झलक दिखी. भव्य तरीके से सजे श्याम बाबा के दरबार में भक्ति की बयार खूब बही और तड़के चार बजे तक श्रोता उसमें गोते लगाते रहे. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर विधायक समीर कुमार मोहंती और नगर पंचायत के उपाद्यक्ष राजकुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे. विधायक ने श्याम बाबा की पूजा-अर्चना की. विधायक समीर मोहंती कोलकाता की माही गर्ग द्वारा प्रस्तुत भजनों पर श्रोताओं के साथ खूब नाचे. इस कार्यक्रम में शीश के दानी की झांकी, छप्पन भोग और अखंड ज्योति आकर्षण के प्रमुख केंद्र रहे. कोलकाता के गोविंद धामानी, माही गर्ग, मनोज वर्मा और प्रेम सोनी ने अपने भजनों से श्रोताओं को खूब झुमाया. (नीचे भी पढ़ें)

कोलकाता के गोविंद धामानी द्वारा प्रस्तुत भजन- मुझे बेटा कह के बुलाना पड़ेगा, जब भी पुकारू तुमको देने सहारा बाबा आना पड़ेगा, हमें तो जो भी दिया, श्याम बाबा ने दिया…. समेत अनेक भजनों पर श्रोताओं ने खूब नृत्य किया. वहीं माही गर्ग ने भी श्रोताओं को खूब झुमाया. माही ने सजा दो घर को गुलशन सा,मेरे सरकार आये हैं…, तुम देना साथ मेरा ओ सांवरा…, मन्ने भी बुलाले बाबा थारी रे नगरिया… समेत अनेक भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को खूब झुमाया. इस अवसर पर विकास लोधा, दीपक कुमार झुनझुनवाला, विनीत कुमार रुंगटा, सुभाष लोधा, संजय कुमार लोधा, विशाल कुमार लोधा, परमेश्वर रुंगटा, विनय कुमार रुंगटा, आनंद सेकसरिया, आलोक लोधा, पंकज अग्रवाल, मुरारी लाल शर्मा, अमित शर्मा, उमंग शर्मा, गौतम शर्मा, मेहुल शर्मा समेत सैकड़ों पुरुष और महिलाएं उपस्थित रहे.




