हटिया : हटिया देवी मंडप के प्रांगण में हिन्दू संगम का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्य अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. मुख्य अतिथि अद्वैत आश्रम के स्वामी अमृतानंद ने हिन्दू समाज के सद्भाव एवं एकता पर आशीर्वचन देकर भेदभाव-रहित समाज-निर्माण की प्रेरणा दी. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम संरक्षक पद्मश्री महाबीर नायक ने अपने उद्बोधन में हिन्दू धर्म में गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला. विशिष्ट अतिथि भारत सेवाश्रम संघ के स्वामी श्रीमंत महाराज जी ने धर्म के माध्यम से समाज निर्माण पर बल दिया. मुख्य वक्ता आशुतोष द्विवेदी ने पंच परिवर्तन के पांच आयामों, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य एवं पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से राष्ट्र को सुदृढ़, समरस और विकसित बनाने पर विस्तार से विचार व्यक्त किए. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में हटिया क्षेत्र की मातृशक्ति, बंधुओं एवं भगिनियों की बड़ी संख्या ने समाज की एकता का जीवंत प्रदर्शन किया. नन्हे बच्चों ने पौराणिक चरित्रों के स्वरूप धारण कर सबका मन मोह लिया, साथ ही स्तोत्र, श्लोक एवं मंत्रों के उद्घोष से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए. समाज एवं समुदाय के प्रत्येक घर से एकत्र अनाज से ग्राम देवी माता एवं भारत माता को भोग अर्पित कर दुर्गा माता एवं भारत माता की आरती एवं जयघोष के साथ लगभग 4०० से अधिक आगंतुकों को प्रसाद वितरित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस आयोजन ने सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अखिलेश्वरनाथ मिश्र, डॉ एनडी गोस्वामी, डॉ उमाशंकर शर्मा, राजाराम सिंह, डॉ प्रेम प्रकाश मिश्र, मिथिलेश्वर, नर्मदेशवर मिश्र, राजन वर्मा एवं समाज के अनेक गणमान्य व मातृशक्ति उपस्थित रहे.




