चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खिलाड़ियों की संभावनाओं को देखते हुए बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में आवासीय राजकीय स्पोर्ट्स एकेडमी स्थापित करने की मांग विधानसभा सत्र में उठाई गई है. बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने मांग रखी कि रांची जिले के होटवार स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की तर्ज पर बहरागोड़ा में भी एक बड़ा स्पोर्ट्स हब बनाया जाना चाहिए,ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में छुपी खेल प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण एवं आधुनिक संसाधन उपलब्ध हो सकें. (नीचे भी पढ़ें)
खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने इस प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से लेते हुए आश्वासन दिया कि बहरागोड़ा क्षेत्र में रेसिडेंशियल और डे-बोर्डिंग स्पोर्ट्स एकेडमी की स्थापना की पहल की जा रही है. उन्होंने कहा कि जैसे ही भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, इस दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा. मंत्री ने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और ग्रामीण युवाओं को मंच देने के लिए लगातार प्रयासरत है. एकेडमी बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा और राज्य को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई खेल प्रतिभाएं मिलेंगी.




