जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर दांडी मेडिकल के पास चोरी के आरोप में एक युवक राहुल भुइयां की पीट-पीटकर हुई हत्या के मामले में मृतक के परिजनों ने तीन आरोपियों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक राहुल के परिवार की शिकायत पर भुइयांडीह निर्मल नगर निवासी शुभम शर्मा उर्फ टिंकू, मानगो दाईगुट्टू रोड नंबर 6 निवासी सूरज कुमार रवि एवं सीतारामडेरा ह्यूम पाइप चंडीनगर निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव को आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा दो अज्ञात लोगों को भी इस कांड में शामिल बताया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने छापामारी कर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें चालान किया जा रहा है. पुलिस घटना में शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है. उधर, इस मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है. मृतक राहुल के खिलाफ शुभम शर्मा की ओर से काउंटर केस दर्ज कराया गया है. इसमें राहुल भुइयां के अलावा विक्की भुइयां और अविनाश भुइयां को आरोपी बनाया गया है. आरोप है कि 29 अगस्त की सुबह करीब ढाई बजे राहुल व उसके साथी शुभम की दुकान से लोहे की चोरी कर रहे थे. इसी दौरान विवाद हुआ और घटना घटित हुई. सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है. मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है.



