जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके पोटका थाना क्षेत्र के रंकिणी मंदिर के रोहिणीबेड़ा जंगल से सोमवार को पुलिस ने एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद किया है. शव की पहचान चतरा जिले के मयुरहंट थाना अंतर्गत फूलांग गांव निवासी सुभाष कुमार (उम्र 25 वर्ष) के रूप में की गयी है. मुसाबनी अंचल के डीएसपी संदीप भगत ने जानकारी दी कि दोपहर करीब 3 बजे ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है. बताया जा रहा है कि मृतक के परिजनों ने रविवार को पोटका थाना में सुभाष की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है.











